बस्ती। सदर क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय परसा जागीर का बुधवार को बीएसए अनूप कुमार ने औचक निरीक्षण किया।जहां पर पठन-पाठन सहित सारी व्यवस्थाएं मुकम्मल मिली। इस पर उन्होंने राज्य पुरस्कार प्राप्त प्रधानाध्यापक डॉ. शिव प्रसाद सहित सभी शिक्षकों, कर्मचारियों व छात्र-छात्राओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि विद्यालय को केंद्रीय विद्यालय की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।
बीएसए अनूप कुमार बिना किसी सूचना के कंपोजिट विद्यालय परसा जागीर पहुंचे। जहां पर उन्होंने सबसे पहले छात्र उपस्थिति पंजिका देखी। इस पर विद्यालय में कुल 447 बच्चों के सापेक्ष में 285 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले। कक्षा में बीएसए ने बच्चों से कई सवाल-जवाब किए। जिसका बच्चों ने बेबाकी से उत्तर दिया। बीएसए ने बच्चों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिस तरह से बच्चे निपुण होकर हर प्रश्नों का जवाब आसानी से दे रहे हैं। यही बच्चे आगे चलकर हर क्षेत्र में कीर्तिमन स्थापित करेंगे।
इसके बाद उन्होंने विद्यालय में निर्मित एमडीएम शेड, मंच निर्माण, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय, क्लासरूम, विद्यालय गेट आदि का अवलोकन करते हुए परिसर के अंदर साफ-सफाई व शिक्षण व्यवस्था पर प्रधानाध्यापक और शिक्षकों के बेहतर समन्वय की तारीफ की।
बीएसए ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के परसा जागीर विद्यालय में बड़े पैमाने पर बच्चों की संख्या को देखते हुए विद्यालय में जो भी आवश्यकता की चीजें होगी, उसे पूरा कराते हुए इसे केंद्रीय विद्यालय की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। जिससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सकें। निरीक्षण के बाद बीएसए ने प्रधानाध्यापक डॉ शिव प्रसाद सहित सभी शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ बैठक की और कहा कि विद्यालय का चयन पीएमश्री में किया गया है। निरीक्षण के दौरान जिला समन्वयक निर्माण राजेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।