बस्ती। परशुरामपुर थाना क्षेत्र के एक मैरिज हाॅल में अश्लील वीडियो बनाने की शिकायत पर शनिवार शाम को पुलिस ने काफी छानबीन की। वीडियो बनाने की पुष्टि न होने पर पुलिस हिदायत देकर लौट आई। मामले को लेकर क्षेत्र में कई तरह की चर्चा है।
असल में शनिवार को हर्रैया में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में किसी ने समस्त ग्रामवासी के नाम से एक शिकायती पत्र दिया कि उसके गांव के पास के मैरिज हाॅल में ब्लू फिल्म बनाया जाता है। किसी शिकायतकर्ता का नाम न होने की वजह से अधिकारियों ने उसे ज्यादा तवज्जो नहीं दी। बाद में दो अश्लील वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने लगा, जिसके बारे में बताया गया कि वह वीडियो उसी मैरिजहाल में बनाया गया है। इसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ने लगा। इसकी सूचना मिलते ही परशुरामपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मैरिजहाल के सीसीटीवी फुटेज आदि की जांच की। वायरल वीडियो के बैकग्राउंड और मैरिजहाल के कमरों का इंटीरियर से मिलान कराया। जिसमें प्रथम दृष्ट्या स्पष्ट नहीं हो पाया कि वीडियो वहां का बना है या नहीं।
प्रभारी निरीक्षक रामेश्वर यादव ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जांच पड़ताल की जा रही है। सीओ हर्रैया शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। अगर कोई दोषी मिला तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।