सीएमओ से की गलत अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट देने की शिकायत
- बता दिया गालब्लैडर में पथरी, लखनऊ पीजीआई की जांच में नहीं हुई पुष्टि
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर के सिविल लाइंस निवासी अशोक कुमार ओझा ने सीएमओ आरपी मिश्र से गलत अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट जारी करने की शिकायत की है। अशोक ने बताया कि रोडवेज पर स्थित एक निजी डाग्नोस्टिक सेंटर में उन्होंने सितंबर 2022 में अल्ट्रासाउंट जांच कराया था। रिपोर्ट में उन्हें गालब्लैडर में पथरी होना बताया गया, जबकि पीजीआई लखनऊ की रिपोर्ट में पथरी की पुष्टि नहीं हुई।
आरोप है कि कैली में तैनात एक डॉक्टर जो रोडवेज स्थित एक निजी डाग्नोस्टिक सेंटर में भी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने जांच कर बताया कि गालब्लैडर में 4.8 एमएम की पथरी है। आरोप है कि डॉक्टर ने मालवीय रोड स्थित एक अस्पताल में ऑपरेशन कराने तक की नसीहत दे डाली।
शिकायकर्ता ने बताया कि जांच रिपोर्ट संदिग्ध लगने पर एक रिश्तेदार की मदद से पीजीआई लखनऊ में दिखाने गया। पीजीआई में डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड किया तो गालब्लैडर में पथरी होने की पुष्टि नहीं हुई।
अशोक ने मामले की जांच के लिए सीएमओ को प्रार्थना पत्र दिया है। सीएमओ ने बताया कि शिकायत मिली है। जांच की जा रही है।