महादेवा। लालगंज थाना क्षेत्र के महादेवा-लालगंज मार्ग पर सोमवार दोपहर करीब एक बजे ठकुरापार गांव के मोड़ पर थार और ई-रिक्शा की टक्कर हो गई। ई-रिक्शा के परखचे उड़ गए। वहां से गुजर रहा साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, प्रकाश पुत्र रवींद्र प्रताप निवासी हथियांव, थाना लालगंज, ई-रिक्शा लेकर महादेवा जा रहे थे। ठकुरापार गांव के मोड़ पर सामने से आ रही थार से टक्कर हो गई। महादेवा जा रहे साइकिल सवार हरिराम (60) निवासी कठैचा हादसे की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायल हरिराम को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। एसओ दिनेशचंद्र चौधरी का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद