मुंडेरवा, बस्ती। मुंडेरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का शनिवार को एसीएमओ डॉ. विनोद कुमार ने निरीक्षण किया। एसीएमओ के निरीक्षण के समय तक कोई डॉक्टर नहीं पहुंचा था। इससे नाराज एसीएमओ ने सभी को पंजिका में अनुपस्थित कर दिया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुंडेरवा के निरीक्षण के लिए सुबह लगभग 10.30 बजे एसीएमओ (डीआइओ) डाॅ. विनोद कुमार पहुंचे, तो वहां केवल फार्मासिस्ट अखिलेश श्रीवास्तव, गुलाब चंद्र और नेत्र परीक्षण अधिकारी देवेंद्र गौतम, डेंटल हाइजनिस्ट शमीम अख्तर, लैब टेक्नीशियन अरविंद भाष्कर, लैब असिस्टेंट ओमप्रकाश यादव, संदीप यादव मौजूद मिले, जबकि संविदा पर तैनात एलए अमरजीत यादव अनुपस्थित रहे।
एसीएमओ ने ड्यूटी पर नहीं मिले सर्जन डाॅ. विजय शंकर सिंह, डाॅ. मुहम्मद फारूख, डाॅ. शिप्रा शर्मा, डॉ. मेहनाज गनी व संविदा नर्स रीना चौधरी को अनुपस्थित कर दिया। हालांकि जब वह निकल रहे थे उसी समय डॉ. मेहनाज गनी व नर्स रीना पहुंचीं, मगर एसीएमओ चले गए। डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि जांच में जो कर्मी व डॉक्टर ड्यूटी पर नहीं मिले हैं। उनके खिलाफ सीएमओ को रिपोर्ट करेंगे। यह लापरवाही है कि समय से कोई डॉक्टर अस्पताल में नहीं पहुंचते।