हर्रैया(बस्ती)। नगर पंचायत के मतदान केंद्र करमडाड़े के प्राथमिक विद्यालय में बने मतदान केंद्र के समीप एक दुकान पर समर्थकों के साथ बैठे भाजपा विधायक से अध्यक्ष पद के सपा प्रत्याशी की तीखी झड़प हो गई। एसडीएम सदर और एसएचओ के पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद बूथों के आसपास सख्ती बढ़ा दी गई। प्रत्याशियों के एजेंटों और लाइन में लगे मतदाताओं को छोड़कर अन्य को पुलिस ने डांट डपट कर भगा दिया।
नगर पंचायत के 14 वार्डों में बने 17 बूथों पर मतदान सुबह सात बजे से शुरू हुआ। वार्ड संख्या छह शहीद भगत सिंह के करमडाड़े प्राथमिक विद्यालय पर बने बूथ के बाहर सड़क किनारे चाय की दुकान पर स्थानीय विधायक अजय कुमार सिंह समर्थकों के साथ बैठे थे। करीब साढ़े 11 बजे अध्यक्ष पद के सपा प्रत्याशी कौशेलेंद्र प्रताप सिंह राजू उस बूथ पर पहुंचे तो मौजूद कार्यकर्ताओं ने विधायक की मौजूदगी के बारे में बताया।
कुछ देर बाद सपा प्रत्याशी भी दुकान में पहुंच गए और विधायक की मौजूदगी को गलत बताते हुए तकरार करने लगे। सपा प्रत्याशी विधायक के नियम विरुद्ध ढंग से क्षेत्र व मतदान केंद्रों पर जाने को लेकर उत्तेजित थे। दोनों के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो वायरल होते ही राजनीतिक तापमान बढ़ गया। सपा प्रत्याशी कौशेलेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि विधायक लगातार आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं। मतदान के दिन वह और उनके समर्थक केसरिया गमछा गले में डालकर बूथों पर मतदाताओं को प्रभावित कर रहे थे। जिसकी शिकायत प्रशासनिक अधिकारियों से की गई थी, मगर अधिकारी मौन साधे रहे। प्रत्याशी का कहना है कि कार्यकर्ताओं की सूचना पर वह करमडाड़े गांव पहुंचे तो विधायक दुकान पर बैठे थे। यह आचार संहिता का उल्लंघन है। बताया कि विधायक के भाई केके सिंह भी वाहन सहित भाजपा का स्टिकर लगी गाड़ी से घूम रहे थे। मना करने पर बहस हुई। इस संबंध में एसडीएम गुलाब चंद्र ने कहा कि वोटिंग शांति पूर्ण ढंग से चल रही है। मतदान केंद्र के बाहर जन प्रतिनिधि व बाहरी लोगों के आने-जाने को लेकर प्रतिबंध है। बहस की सूचना मिलते ही मौके पहंचा। सब कुछ ठीक-ठाक है।