डेढ़-डेढ़ करोड़ रुपये से होना है निर्माण, पांच महीने से नहीं मिली दूसरी किस्त
संंवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। नगर बाजार व गायघाट नगर पंचायतों के भवन का निर्माण धनाभाव के कारण ठप हो गया है। जबकि दोनों नई नगर पंचायतों में अध्यक्ष का चुनाव हो चुका है, लेकिन दोनों के कार्यालय उधार के भवन में चल रहे हैं।
वर्ष 2020 में नगर बाजार व गायघाट को नगर पंचायत का दर्जा दि या गया। 2021 में इनके कार्यालय भवनों के निर्माण के लिए शासन ने धन आवंटित किया गया। कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस यानी कि कांस्ट्रक्शन एंड डिजाइनिंग सर्विस के अभियंताओं की टीम को इनके निर्माण की जिम्मेदारी सौंप दी गई। शासन ने निर्माण के लिए एक करोड़ 47 लाख 89 हजार रुपये खर्च करने की समय सीमा निर्धारित की। पहली किस्त के रूप में नगर बाजार को 84.73 लाख व गायघाट को 53.47 लाख रत्ये जारी कर दिए गए।
नगर बाजार के टेमा वार्ड में तत्काल जमीन उपलब्ध हो गई और निर्माण भी शुरू हो गया, लेकिन गायघाट में जो जमीन मिली वह तालाब के रूप में थी, जहां मिट्टी पटाई में ही करीब 50 लाख रुपये का खर्च बढ़ने के आसार थे। नतीजतन दोबारा जमीन मिलने में साल भर बीत गए और काम साल भर बाद सितंबर 2022 में काम शुरू हो सका। दूसरी तरफ पहली किस्त के रूप में मिली धनराशि दोनों जगहों पर खर्च हो गई। सीएंडडीएस के परियोजना प्रबंधक ने दोनों नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को पांच महीने पहले उपयोगिता प्रमाणपत्र जारी कर धन की मांग की, लेकिन अब तक न तो दूसरी किस्त मिल सकी और न ही भवनों का निर्माण ही पूरा हो सका।
...
इस तरह बनेंगे कार्यालय
दोनों नगर पंचायतों का निर्माण कार्य देख रहे साइट इंजीनियर जेपी यादव और हसन अरबाब खान के अनुसार नगर पंचायत नगर बाजार में दफ्तर निर्माण का कार्य स्लैब लेबल तक पहुंच गया है। गायघाट में भी भवन का निर्माण लगभग पूरा होने वाला है। दो मंजिला भवन का निर्माण किया जा रहा है।भूतल पर अधिशासी अधिकारी व नगर पंचायत अध्यक्ष के कार्यालय के अलावा अन्य पटलों सें संबंधित कक्षों का निर्माण किया जा रहा है। प्रथम मंजिल पर सभागार बनाया जा रहा है ताकि बोर्ड की बैठक संचालित हो सके।
-
दूसरी किश्त मिलते ही पूरा हो जाएगा निर्माण
दोनों परियोजनाओं को पूरा करने के लिए दूसरी किस्त के अवशेष धन की मांग की गई है। धन मिलते ही निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।
अविनाश सिंह, परिजयोना प्रबंधक, सीएंडडीए