छत से गिरकर घायल चूड़ीहार की अस्पताल में मौत
वाल्टरगंज। चूड़ी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले वाल्टरगंज कस्बा निवासी ताज मोहम्मद छत से गिरकर घायल हो गए थे। मंगलवार को इलाज के दौरान फैजाबाद में उनकी मौत हो गई। उनके पुत्र इमरान ने बताया कि उनके पिता 29 जुलाई को छत पर चढ़कर दीवार भिगो रहे थे। तभी अचानक नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। वहां पर सुधार न होने के कारण उन्हें रेफर कर दिया गया था।
मौत की खबर से पत्नी जाहिदा खातून बेटा सद्दाम तथा लड़की जरीना चांदनी सहित परिवार के सभी लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि बड़ी बेटी जरीना की ही शादी हुई है। लड़के इबरान, सद्दाम तथा लड़की चांदनी की शादी अभी नहीं हो पाई है। इस घटना से परिवार पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने शव को गांव के समीप ही स्थित कब्रिस्तान में दफन कर दिया है।