BASTI_सीएमओ कार्यालय पर हेल्थ एंड वेलनस सेंटर पर कार्यरत सीएचओ ने अपनी मांगो को लेकर दिया धरना।
- फोटो : BASTI
मानदेय न मिलने से सीएचओ ने सीएमओ दफ्तर का किया घेराव
बस्ती। पांच माह से मानदेय न मिलने से नाराज सीएचओ (कम्युनिटी हेल्थ अफसर) के सब्र का बांध टूट गया। नाराज आंदोलनकारियों ने सोमवार को सीएमओ दफ्तर को घेर लिया। सीएमओ मौके पर नहीं मिले तो उनके कमरे में घंटे भर तक सीएचओ खड़े रहे। आखिरकार वे निचले तल पर धरना शुरू कर दिए। बाद में मौके पर पहुंचे प्रभारी सीएचओ डॉ. जय सिंह के सप्ताह भर में वेतन दिला देने के आश्वासन पर आंदोलनकारी मान गए।
एएनएम सेंटर के क्षेत्रों में बने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर सीएचओ की तैनाती है। धरना दे रहे सीएचओ का कहना था कि उन्हें पिछले पांच माह से वेतन नहीं मिला है। उनकी नियुक्ति जनवरी 2021 में हुई है। उन्हें हर माह 15 हजार रुपये प्रतिमाह की दर से पीबीआई के रूप में दिया जाना है। विभाग की ओर से आज तक इस मद में फूटी कौड़ी भी नहीं दी गई। इसी प्रकार मार्च 2022 से वेतन का भुगतान भी नहीं किया जा रहा है जो सीएचओ गैर जनपद से यहां आकर किराए पर मकान लेकर रह रहे हैं, उनके लिए अब आगे काम करना मुश्किल हो रहा है।
इस मौके पर अरुण कुमार वर्मा, अंजनी पटेल, सारिका शाही, रवि सोनकर, फरजाना, अखिलेश, जयंती गुप्ता, रजनी, शीला, शालिनी आदि मौजूद रहे।
-------