बस्ती। जिले में 134 विद्यालयों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजरी है। इन्हें हटाने की प्रक्रिया अक्तूबर 2021 से चल रही है। इसके बाद भी हटाया नहीं जा सका है। अब एक बार फिर बेसिक शिक्षा निदेशक ने इसके लिए आदेश जारी किया है।
जिले में 2206 परिषदीय विद्यालय संचालित होते है। इनमें 1430 प्राथमिक, 324 उच्च प्राथमिक और 317 संविलियन स्कूल हैं। इनमें से 134 स्कूलों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजरी है। वर्ष 2021 से लगातार बेसिक शिक्षा विभाग पावर कॉर्पोरेशन को पत्र भेजकर स्कूल परिसर से हाईटेंशन लाइन हटाने की बात कह रहा है। पावर कॉर्पोरशन भी स्टीमेट भेजकर धन आवंटन की राह देख रहा है।
बेसिक शिक्षा विभाग कार्यालय के अनुसार, जिले के बनकटी में 25, सदर में 10, दुबौलिया में पांच, गौर में सात, कुदरहा में नौ, परशुरामपुर 23, सांऊघाट 16, विक्रमजोत में 17, रुधौली में तीन व बहादुरपुर में 13 विद्यालयों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। फिलहाल शिक्षा निदेशक की ओर से स्कूल परिसर से लाइन हटवाने का आदेश जारी होने के बाद एक बार उम्मीद बढ़ी है कि जल्द सभी परिषदीय स्कूल परिसर से गुजरने वाली हाईटेंशन लाइन शिफ्ट हो जाएगी।
बेसिक शिक्षा विभाग के डीसी निर्माण राजेश प्रजापति ने बताया कि जिले की 14 विकास खंडों में करीब 134 विद्यालयों के ऊपर से बिजली के हाईटेंशन तार गुजरे हैं। सभी विद्यालय के प्रधानाध्यापक को पोर्टल पर अपलोड करने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
अधीक्षण अभियंता रामदास ने बताया कि विद्युत लाइन किसी भी भवन के ऊपर से नहीं गुजारी जाती है। लाइन शिफ्टिंग चार्ज देने का प्रावधान है। बेसिक शिक्षा विभाग को लाइन शिफ्टिंग के पहले अनुमानित लागत का प्रस्ताव तैयार कर धनराशि जमा करना पड़ेगा। शिफ्टिंग चार्ज जमा होते ही नियमानुसार स्कूल परिसर से लाइन शिफ्ट करा दी जाएगी।
बीएसए अनूप कुमार ने बताया कि अधिशासी अभियंता भेजकर लाइन हटाने के लिए अनुरोध किया गया है। पावर कॉपंरिशन को ओर से कुछ स्कूलों में लाइन शिफ्टिंग के लिए शुल्क निर्धारित किया गया है। शासन से मांग की गई है। शुल्क मिलने के बाद भुगतान कर लाइन शिफ्टिंग कराई जाएगी।