मोटापा के चलते बच्चे हो रहे डायबिटीज, दिल की बीमारी, स्लीप एपनिया, फैटी लिवर, डिप्रेशन के शिकार
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मोटापा एक बीमारी है। इससे सिर्फ बड़े ही नहीं, बल्कि बच्चे भी पीड़ित हो सकते हैं। मोटापे की वजह से डायबिटीज जैसी खतरनाक बीमारी बच्चों को अपना शिकार बना सकती है। इसलिए बच्चों का हेल्दी वजन होना बहुत जरूरी है। यह कहना है बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप कुमार का।
उन्होंने कहा कि बच्चों का बढ़ता वजन कई बीमारियों की जड़ बन सकती है। मोटापे की वजह से बच्चों में डायबिटीज, दिल की बीमारियां, स्लीप एपनिया, फैटी लिवर, डिप्रेशन जैसी कई समस्याएं हो सकती हैं।
जबकि महिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज शुक्ल के अनुसार बच्चों को मोटापा से बचाने के लिए कसरत करना चाहिए। कसरत करने से सिर्फ वजन ही कम नहीं होता, बल्कि कई अन्य बीमारियों से भी बचाव में मदद मिलती है। बच्चों के लिए यह थोड़ा मुश्किल हो सकता है, लेकिन आदत डालने की जरूरत है। बच्चों की डाइट में हरी सब्जियां, फल, दूध, होल ग्रेन्स, दही आदि शामिल करें। इससे उन्हें सभी जरूरी पोषक तत्व मिलेंगे और उनका बेहतर विकास हो पाएगा।
...
अधिक समय तक बैठने से भी बढ़ता है मोटापा
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.तैय्यब अंसारी का कहना है कि बच्चों में मोटापा का कारण अधिक समय तक बैठे रहना और चलने-फिरने जैसी फिजिकल एक्टिविटी का कम होना भी है। बच्चे भी अब पहले की तरह बाहर खेलने नहीं जाते। इसके कई कारण हो सकते हैं वीडियो गेम्स खेलना, फोन, लैपटॉप आदि का अधिक इस्तेमाल आदि।