बीएसए के निर्देश पर परसा जागीर विद्यालय के बच्चों को भ्रमण पर भेजा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कॉन्वेंट विद्यालयों की तर्ज पर परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को भी शैक्षिक भ्रमण कराकर उन्हें महापुरुषों एवं उनके जीवन से जुड़ी पुरानी चीजों को दिखाकर जानकारी दिलाई जा रही है। बीएसए अनूप कुमार के निर्देश पर पहली बार पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय परसा जागीर के बच्चों ने नेपाल के लुंबिनी में स्थित गौतम बुद्ध जन्मस्थली का शैक्षिक भ्रमण कर उनके जीवनी से जुड़ी जानकारी हासिल की।
सदर क्षेत्र के पीएम श्री कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय परसा जागीर के प्रधानाध्यापक डॉ शिव प्रसाद के नेतृत्व में 73 छात्र-छात्राओं का शैक्षिक भ्रमण दल विद्यालय के शिक्षकों के साथ लुंबिनी के गौतम बुद्ध जन्मस्थली पहुंचा। जहां बच्चों को दूसरे देश के नियम नियमावली, बॉर्डर सुरक्षा, शैक्षिक भौगोलिक, रहन-सहन पर्यावरणीय की जानकारी के साथ गौतम बुद्ध के जीवन के बारे में चित्रों के माध्यम से जानकारी दी गई।
शिक्षकों ने बच्चों को पर्यटन स्थलों के तौर पर गौतम बुद्ध से जुड़े अधिकतर मंदिरों का अवलोकन कराया। बीएसए अनूप कुमार ने राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक डॉ. शिव प्रसाद सहित सभी शिक्षकों के प्रति प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इसी तरह से अन्य परिषदीय विद्यालयों के अध्यापकों को बच्चों का शैक्षिक भ्रमण करना चाहिए जिससे उन्हें सामाजिक ज्ञान के साथ महापुरुषों के बारे में बहुत कुछ जानने और सीखने का अवसर मिल सकें। इस मौके पर बीईओ विनोद कुमार त्रिपाठी, अभिषेक कुमार, राजेश कुमार, आंचल पाल, अवंतिका आदि मौजूद रहीं।