गड्ढे में गिरने से पांच वर्षीय बच्चे की मौत
भानपुर। मछली पालने के लिए घर के पीछे खोदे गड्ढे में गिरने से पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मामला सोनहा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव का है। रामनगर के सोमई सोनकर अपने घर के पीछे मछली पालन के लिए गड्ढा खुदाई करा रहे थे। इसी के बगल मे ही एक बडा तालाब होने से गड्ढे में पानी भर गया था। रविवार दोपहर को उनका पांच वर्षीय बेटा अनुराज सोनकर खेलते समय गड्ढे में डूब गया। परिवार वालों को इस बात की जानकारी काफी देर बाद हुई। लोगों ने उसे खोजना शुरू किया तो वह अचेतावस्था में गड्ढे में उतराया मिला। परिवार के लोग उसे सीएचसी भानपुर ले गए जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार वालों का कहना है कि वह दोपहर में घर के सामने खेल रहा था। न जाने कब वह गड्ढे की ओर चला गया।