विक्रमजोत। परशुरामपुर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को सुबह करीब आठ बजे बेकाबू बाइक की चपेट में आने से आठ वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर से गुजर रहे कांवड़ियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस की मदद से श्रीराम चिकित्सालय अयोध्या पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी शिवा पुत्र स्वर्गीय बीपत बुधवार को सुबह युवराज पैलेस होटल के पास फोरलेन के किनारे कांवड़ियों का काफिला देख रहा था। तभी एक तेज रफ्तार बाइक चालक ने उसे चपेट में ले लिया। शिवा के सड़क पर गिर जाने के बाद चालक बाइक लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद चौकी प्रभारी घघौवा दिलीप कुमार सिंह पहुंचे और बालक शिवा को जिला अस्पताल अयोध्या भेजवाया। जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। चौकी इंचार्ज ने बताया कि बालक शिवा की मृत्यु की सूचना मिली है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
बता दें कि शिवा के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। घर में उसकी मां और एक बड़ा भाई है। मां मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती है।