बस्ती। शहर के चार विद्यालयों को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। मंगलवार को शांतिपूर्वक कॉपियों का मूल्यांकन हुआ। मंगलवार को शिक्षकों का आंदोलन स्थगित रहा। किसान इंटर कॉलेज मूल्यांकन केंद्र के सह उपनियंत्रक जेके शाही ने बताया कि उनके यहां हाईस्कूल हिंदी की कुल 52264 काॅपियां आवंटित हैं। इनमें 49282 कापियां आ चुकी हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को 14961 कापियां जांची गई हैं। कुल 38284 कापियां अब तक जांची जा चुकी हैं। सक्सेरिया इंटर कॉलेज के उपनियंत्रक हरिराम बंसल ने बताया कि मंगलवार को 17042 कापियां जांची गई हैं। इस प्रकार कुल 33110 कॉपी जंच चुकी है। जीजीआईसी की उपनियंत्रक नीलम सिंह ने बताया कि उनके यहां मंगलवार को 16232 कापियां जांची गईं। अब तक कुल 33300 कॉपियों का मूल्यांकन कराया जा चुका है। जीआईसी के उपनियंत्रक एसबी सिंह के अनुसार मंगलवार को उनके यहां 14 हजार कॉपियां जांची गई, कुल 33 हजार का मूल्यांकन कराया जा चुका है।
गेट खुलवाने को लेकर हुआ विवाद
- सक्सेरिया इंटर कॉलेज मूल्यांकन केंद्र पर समय से पहले गेट खुलवाने को लेकर विवाद हुआ। कुछ परीक्षक सायं तीन बजे ही जाने की जिद पर अड़ गए, जबकि उपनियंत्रक हरिराम बंसल का कहना था कि पूरे समय परीक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य है। परीक्षकों का कहना था कि उन्होंने कॉपी जांच ली है, इसलिए उन्हें जाने से नहीं रोका जाना चाहिए। श्री बंसल ने बताया कि बोर्ड की ओर से सायं पांच बजे तक मूल्यांकन कार्य का समय निर्धारित है। इसी के साथ दोपहर डेढ़ से दो बजे तक कापियों का आवंटन किया जाता है। परीक्षक कम कॉपी का आवंटन कराते हैं। इस बात की सूचना स्टेटिक मजिस्ट्रेट व डीआईओएस को को दी गई है। डीआईओएस डीएस यादव ने बताया कि शिक्षकों को कुछ दिक्कतें थीं। जिन्हें दूर कर लिया गया है।