लॉटरी के नाम पर 15 लाख की ठगी, दो गिरफ्तार
बस्ती। ऑनलाइन लॉटरी के नाम पर 15 लाख रुपये ठगी के मामले में साइबर थाने की टीम ने बिहार के गोपालगंज के दो आरोपियों को कुशीनगर जिले के पटहेरवा थानाक्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से कार, तीन मोबाइल फोन, आठ फर्जी आधार कार्ड, फर्जी निर्वाचन कार्ड, 920 रुपये नकद बरामद किए गए। साथ ही उनके मोबाइल बैकिंग एप के वालेट में उपलब्ध एक लाख 72 हजार 186 रुपये फ्रीज कराए गए।
साइबर थाना के प्रभारी निरीक्षक विकास यादव ने बताया कि इस संबंध में सैयद अशरफ मदनी, निवासी विशुनपुरवा थाना कोतवाली ने प्रार्थनापत्र देकर सूचित किया था। प्रार्थनापत्र में बताया गया था कि आरोपियों ने उन्हें 25 लाख रुपये की लाटरी निकलने का झांसा दिया। रुपये दिलाने के नाम पर उनसे 15 लाख की ठगी कर ली गई। पुलिस ने इस संबंध में धोखाधड़ी व आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज करके छानबीन शुरू की।
एडीजी साइबर क्राइम सुभाष चंद्र, डीआईजी साइबर क्राइम एन. कोलांची, डीआईजी आरके भारद्वाज, एसपी साइबर क्राइम प्रोफेसर त्रिवेणी सिंह, एएसपी साइबर क्राइम सच्चिदानंद आदि अधिकारियों ने इसके पर्दाफाश के लिए निर्देश दिए। उसके बाद व्हाट्सएप, वीओआईपी नंबरों तथा विभिन्न बैंक खातों से संबंधित विवरण लेकर टीम ने तहकीकात की।
उसके बाद आशिक अली निवासी बखरौर पचपटिया, थाना बरौली, जनपद गोपालगंज बिहार और तौसीफ आलम, निवासी देवापुर अकिल टोला, थाना मांझा, जनपद गोपालगंज, बिहार का नाम प्रकाश में आया। रविवार को उनके मोबाइल के लोकेशन व मुखबिर के माध्यम से मिली सूचना के आधार पर टीम ने पटहेरिया चौराहा, थाना पटहेरवा, कुशीनगर पहुंची और दोनों को गिरफ्तार किया गया।