बस्ती। गौर ब्लॉक के इटबहरा में मिट्टी खुदाई के नाम पर 4.26 लाख रुपये के अनियमित भुगतान के मामले में तत्कालीन सचिव बृजेश यादव को डीपीआरओ ने आरोप पत्र दिया है। इसी मामले में डीएम प्रधान के अधिकार सीज कर चुके हैं। तकनीकी सहायक (टीए) और रोजगार सेवक पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। एडीपीआरओ को जांच अधिकारी नामित किया गया है। इटबहरा के आदित्य सिंह की शिकायत पर जांच कर लोकपाल ने 10 नवंबर 2023 को निर्णय दिया था। आरोप था कि मनरेगा से 2022-23 में बुद्धू के गड्ढे की खोदाई एवं सफाई कार्य बिना कराए ही 5.57 लाख 847 रुपये निकाल लिए गए थे। तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी (सचिव) बृजेश यादव, ग्राम प्रधान वंदना सिंह, तकनीकी सहायक दिनेश सिंह यादव से समानुपातिक वसूली के आदेश दिए गए थे। प्रकरण की जांच जिला लेखा परीक्षा अधिकारी सहकारी समितियां एवं पंचायत लेखा परीक्षा की अध्यक्षता में गठित टीम से कराई गई। संवाद