कभी धूप तो कभी बारिश से वायरल फीवर ने पांव पसारा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कभी धूप तो कभी बारिश लोगों की सेहत पर भारी पड़ रही है। सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में ऐसे मरीजों का आंकड़ा 900 पार पहुंच गया है। इसमें 600 से 700 वायरल से पीड़ित हैं। सर्दी-जुकाम के साथ पेट संबंधी शिकायतों से लोग परेशान हैं।
फरवरी में मार्च-अप्रैल जैसा मौसम हो रहा है। इस बदलाव की वजह से अस्पतालों में मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा देखने को मिल रहा है। मंगलवार को अस्पताल के पर्चा काउंटर पर महिला व पुरुष की लंबी लाइन देखी गई। सबसे अधिक भीड़ फिजिशियन और बाल रोग विभाग की ओपीडी में थी।
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ .रामजी सोनी ने कहा कि ओपीडी में इस समय बुखार, सर्दी-जुखाम की शिकायत लेकर लोग ज्यादा आ रहे हैं। लोगों को सेहत के प्रति सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है महिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रजत साहू ने कहा कि मौसम को देखते हुए बच्चों की सेहत के प्रति सतर्कता की जरूरी है। ओपीडी में उल्टी, दस्त से परेशान बच्चे अधिक आ रहे हैं।
...
ये बरतें सावधानी
- बारिश में भींगने से बचें।
- रात में पंखा आदि न चलाएं।
- धूप से आने के बाद ठंडा पानी न पीएं।
- मौसमी फल और सब्जियों का सेवन करें।
- अधिक तेल, मसालेदार भोजन से परहेज करें।