मृतक महिला को लगा दिया बूस्टर डोज जारी हुआ प्रमाण पत्र
- फोटो : BASTI
मृतक के नाम जारी कर दिया बूस्टर डोज का प्रमाणपत्र
विक्रमजोत। ग्राम पंचायत नटौवा के राजस्व ग्राम चिरिहवा की रहने वाली मृतक महिला को बूस्टर डोज लगाने का मैसेज 21 अगस्त को उनके परिजनों के मोबाइल पर आया है। मृतक बागेश्वरी के परिजनों ने बताया कि उनकी मौत 70 साल की उम्र में नौ जुलाई को ही हो चुकी है।
उनके बेटे राजकुमार ने बताया कि 21 अगस्त को घर के मोबाइल पर मैसेज आया जिसमें लिखा था कि बागेश्वरी देवी पत्नी स्वर्गीय राम मिलन को कोविड से बचाव हेतु तीसरी बूस्टर डोज लगा दी गई है। मैसेज देखकर परिजन हक्का-बक्का रह गए। इसकी सूचना उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य कर्मियों को दिया तो उन्होंने बताया कि यह गलती से हो गया होगा। प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी सीएल कन्नौजिया ने बताया कि यह गंभीर मामला है। इसकी जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।