बस्ती। शहर के रौता चौराहे पर मंगलवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आकर स्कूटी सवार सभासद प्रत्याशी की मौत के मामले में बुधवार को पुलिस ने अज्ञात वाहन के चालक पर केस दर्ज कर लिया है। मृतका पूनम वर्मा (46) के पति प्रेम कुमार चौधरी ने तहरीर दी। उसमें बताया कि उनकी पत्नी नगर पंचायत कप्तानगंज के भगत सिंह वार्ड से सभासद की निर्दल उम्मीदवार थीं। कोतवाल शशांक शेखर राय ने बताया कि हादसा किस वाहन से हुआ, यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है। मालवीय रोड पर रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से इसकी जांच कर ठोकर मारने वाले वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
बता दें कि बता दें कि जनपद न्यायालय में एससीएसटी न्यायालय में लिपिक प्रेम कुमार वर्मा की पत्नी पूनम वर्मा नगर पंचायत कप्तानगंज के भगत सिंह नगर सीट से सभासद पद की उम्मीदवार थीं। मंगलवार दोपहर अपने पीडब्ल्यूडी निरीक्षण भवन के निकट स्थित सरकारी आवास से वह स्कूटी लेकर ब्लाक रोड पर रहने वाली अपनी बहन से मिलने उनके घर जा रही थीं। रौता चौराहे के निकट किसी वाहन ने पीछे से स्कूटी में ठोकर मार दिया। जिससे स्कूटी लेकर पूनम वर्मा सड़क पर गिर पड़ीं। बताया जा रहा है कि तभी पीछे से पहुंचा कोई दूसरा वाहन पूनम वर्मा को कुचलते हुए निकल गया। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई थी।