भूत-प्रेत के चक्कर में महिलाओं में हुई थी मारपीट
संवाद न्यूज एजेंसी
गौर। छितहा गांव में भूत-प्रेत के चक्कर में शक के आधार पर बृहस्पतिवार की शाम में दो महिलाओं में हुए मारपीट के मामले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग महिला दुर्गा देवी के बेटे राम वीरेंद्र कुमार की तहरीर पर गौर पुलिस ने दूसरे पक्ष की तीन लोगों पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, छितहा गांव निवासी राम वीरेंद्र कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बुजुर्ग मां दुर्गा देवी (65) घर पर अकेली बैठी थीं। तभी बगल की महिला किरन देवी घर पहुंची और शक के आधार पर बुजुर्ग मां को कहने लगी की किसी ओझा के माध्यम से बेटी पर भूत-प्रेत करा दिया है। इससे बेटी की तबीयत ठीक नहीं रहती है। इसी बात पर दोनों में कहासुनी होने लगी।
थोड़ी ही देर में जमकर मारपीट शुरू हो गई। इसमें बुजुर्ग महिला दुर्गा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं और एक पैर भी फैक्चर हो गया है। प्रभारी निरीक्षक गौर रामकुमार राजभर ने बताया कि महिलाओं के बीच हुई मारपीट के मामले में घायल महिला दुर्गा देवी के बेटे राम वीरेंद्र कुमार की तहरीर पर दूसरे पक्ष के तीन लोगों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।