मारपीट की पांच घटनाओं में 18 पर केस
वाल्टरगंज, परशुरामपुर, कप्तानगंज व कलवारी थाने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुई मारपीट की पांच घटनाओं में पुलिस ने 18 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के झलहनिया निवासी केवला देवी का आरोप है कि गांव के लल्ला उर्फ पतिराम, जैसराम, विनोद व प्रकाश मौर्या ने पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट कर जानमाल की धमकी दी। वहीं, दूसरे पक्ष के विनोद कुमार का आरोप है कि नल का पानी वादी के मकान की नींव में छोड़ने को लेकर विपक्षी संजय, साहेबराम, केवला देवी व अशोक कुमार ने मारपीट कर जानमाल की धमकी दी। इसी थाने के मसानजोत निवासी पूनम देवी का आरोप है कि पारिवारिक विवाद को लेकर राजबहादुर, फूलमती व सावन ने अपशब्द कहा। लाठी-डंडे से मारपीट कर धमकाया। परशुरामपुर थाने के इमिलिया निवासी इंद्रजीत का आरोप है कि गांव के राम जनक, राम किशुन, रामतीरथ व साहजाद ने दीवाल गिराने के विवाद को लेकर पीटा व जानमाल की धमकी दी। कलवारी थाने के राजपुर बैरिहवा निवासी अशोक पांडेय का आरोप है कि गांव के अवनींद्र शुक्ल, अनुराग शुक्ल उर्फ सोनू व इंद्रमणि ने जमीन पर कब्जेदारी को लेकर अपशब्द कहते हुए मारने के लिए दौड़ा लिया और जानमाल की धमकी दी। कप्तानगंज थाने के पेड़रहिया निवासी रामादेवी का आरोप है कि घरेलू विवाद को लेकर झलहनिया थाना वाल्टरगंज निवासी लल्ला उर्फ पतिराम, जैसराम, विनोद व प्रकाश मौर्या ने अपशब्द का प्रयोग करते हुए धमकाया। उन्हें व उनके भाई दुर्गाशंकर को मारापीटा। इन सभी मामलों में तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी है।