बसपा प्रत्याशी जहीर पर आचार संहिता के उल्लंघन का केस
जनसभा के दौरान सिक्कों से तौलने का लगाया गया आरोप
पैकोलिया(बस्ती)। कप्तानगंज से बसपा प्रत्याशी जहीर अहमद उर्फ जिम्मी पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है।
विधानसभा कप्तानगंज के एफएसटी प्रभारी हरीश कुमार त्रिपाठी ने सोमवार शाम पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि 17 फरवरी को पैकोलिया थानाक्षेत्र के कुर्दा गांव में बसपा प्रत्याशी जहीर अहमद उर्फ जिम्मी ने जनसभा की। इस दौरान उन्हें सिक्कों से तौला गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोप है कि सभा की अनुमति चुनाव आयोग से नहीं ली गई थी। तहरीर में कहा गया है कि यह कार्य आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की श्रेणी में आता है। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि जहीर अहमद उर्फ जिम्मी के विरुद्ध आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।