बस्ती। वाल्टरगंज पुलिस ने नौकरी का झांसा देकर रुपये हड़पने के मामले में केस दर्ज किया है। मझौआ जगत निवासी राम बहाल चौधरी ने तहरीर दी कि सास की पेंशन के संबंध में कोषागार बस्ती आते जाते थे। वहीं आरोपी से संपर्क हो गया। उसने राम बहाल चौधरी के बेटे की ग्राम विकास अधिकारी के पद पर नौकरी लगवाने का झांसा दिया। इसकी एवज में 12 लाख रुपये मांगे। उसके लड़के विनय कुमार चौधरी ने आरोपी शिव प्रसाद वर्मा के बताने के अनुसार 16 जनवरी 2019 को दो लाख रुपये चेक से खाते में ट्रांसफर कर दिए। पुनः 25 मार्च 2019 को दो बार में तीन लाख रुपये ट्रांसफर किए। उसी दिन शिव प्रसाद को दामाद रामपति चौधरी के सामने एक लाख रुपये दिए। लड़के ने परीक्षा दी, मगर चयन नहीं हुआ। रुपये मांगने पर बेइमानी करने की गरज से जान से मारने की धमकी देने लगे। पुलिस ने शिव प्रसाद वर्मा उर्फ राम पियारे वर्मा निवासी रमवापुर थाना कप्तानगंज के खिलाफ केस दर्ज किया है।