ट्रैक्टर चालक हत्याकांड : डुमरी में पुल के नीचे मिला था विजय का शव
संवाद न्यूज एजेंसी
रुधौली। डुमरी पुल के नीचे ट्रैक्टर चालक विजय बहादु की हत्या कर शव फेंकने के मामले में शुक्रवार को चालक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात पर हत्या का दर्ज कर लिया है। प्रकरण में पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। मगर, अब तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है।
बृहस्पतिवार को मुंबई से घर पहुंचे विजय के पिता मुनीराम और भाई लाल बहादुर, अजय बहादुर से पुलिस ने बातचीत कर जानकारियां इकट्ठा कीं। पुलिस की नजर अब कॉल डिटेल रिकॉर्ड पर टिकी हुई है। पुलिस विजय के हर कॉल डिटेल की बारीकी से जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक चंदन कुमार ने बताया कि घटना के पर्दाफाश के लिए स्थानीय पुलिस के साथ एसओजी की टीम भी लगी हुई है। जल्द ही वारदात का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
डुमरी-रौनहिया मार्ग स्थित डुमरी नाला के पास मंगलवार को संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र के दानोकुईया निवासी 35 वर्षीय विजय बहादुर का शव पाया गया था। सीओ रुधौली कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि छानबीन की जा रही है।
..
बसपा जिलाध्यक्ष ने की पर्दाफाश की मांग
- शुक्रवार को संतकबीर नगर जनपद के बसपा जिलाध्यक्ष झिनकान प्रसाद पार्टी के सैयद दानिश, मोहम्मद नसीम, प्रेम सागर, कल्पनाथ बाबू के साथ रुधौली थाने पर पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक चंदन कुमार से मिलकर घटना के बारे में जानकारी प्राप्त की। घटना का जल्द से जल्द पर्दाफाश कर आरोपियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।