परशुरामपुर में बिना काम कराए रकम हड़प लेने का आरोप
बस्ती। परशुरामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रग्घूपुर में आंगनबाड़ी भवन का मरम्मत कराए बिना भुगतान कराने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। न्यायालय के आदेश पर प्रधान के प्रतिनिधि, सचिव, तकनीकी सहायक समेत चार पर जालसाजी, धोखाधड़ी व शासकीय का धन गबन की धाराएं लगाईं गई हैं।
आरोप है कि ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि से मिलकर सचिव, रोजगार सेवक व तकनीकी सहायक ने 77619 रुपये शासकीय धनराशि का बंदरबांट कर लिया। एफआईआर के मुताबिक आरोप है कि सभी ने मिलकर आंगनबाड़ी के मरम्मत कार्य के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लिया, फिर शासकीय धनराशि को हड़प लिए। यह कार्रवाई रग्घूपुर गांव निवासी जयप्रकाश की तहरीर पर की गई है।