पैकोलिया। थाना क्षेत्र के एक गांव से किशोरी के अपहरण की साजिश में शामिल दो आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय की अवमानना का भी केस दर्ज किया गया है। आरोपी कई दिनों से फरार हैं। ऐसे में दरोगा की तहरीर पर कार्रवाई की गई है।
पैकोलिया थाने के उपनिरीक्षक देवव्रत शर्मा ने तहरीर देकर बताया है कि परशुरामपुर थाना क्षेत्र के श्रृंगीनारी गांव निवासी अखिलेश यादव व गोंडा जनपद के खोड़ारे थाना क्षेत्र के बनरहा निवासी अमित कुमार के घर और संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई पर दोनों नहीं मिले। लगातार मुनादी के बाद भी दोनों आरोपी हाजिर नहीं हो रहे हैं। उनके विरुद्ध न्यायालय से प्रतिवेदन प्रस्तुत कर पिछले 31 जुलाई को गैर जमानती वारंट जारी कराया गया। 25 सितंबर को धारा 82 सीआरपीसी के तहत उद्घोषणा की गई। उसके बावजूद भी लोग न तो हाजिर हो रहे हैं और न ही आत्मसमर्पण कर रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक संध्या रानी तिवारी ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय के आदेश का उल्लंघन की धारा में केस दर्ज किया गया है।