नगर बाजार (बस्ती)। नगर थाना क्षेत्र के पोखरा बाजार स्थित कृषि उत्पादन एवं विपणन सहकारी समिति के खाद स्टॉक में भारी गड़बड़ी पाए जाने पर सचिव के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। उर्वरक निरीक्षक बाबूराम ने बताया कि 26 अक्टूबर को निरीक्षण में पीओएस मशीन और भौतिक स्टॉक में बड़ा अंतर पाया गया। 61.065 टन यूरिया के मुकाबले लगभग 1050 बोरियां कम मिलीं। जबकि डीएपी, एनपीके और एमओपी की अतिरिक्त बोरियां मिलीं। निरीक्षण के समय स्टॉक रजिस्टर, वितरण रजिस्टर व बोर्ड भी नहीं मिले। पूछताछ में सचिव संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। थानाध्यक्ष विश्वमोहन राय ने बताया कि उर्वरक निरीक्षक की तहरीर पर सचिव राम प्रसाद के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना उप निरीक्षक करतार लाल मौर्य को सौंपी गई है। संवाद