बस्ती जिले के हर्रैया थानाक्षेत्र के उमरिया गंगाराम गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पति समेत नौ ससुरालियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लटकने से मौत की बात सामने आई है।
प्रभारी निरीक्षक अनीता यादव ने बताया कि महिला के पिता तुलसीराम निवासी भदहा जंगल वार्ड नंबर आठ आदि शक्तिनगर बभनान नगर पंचायत थाना गौर ने तहरीर दी है। जिसमें आरोप लगाया कि उसकी बेटी को उसके पति सुनील गौड़, सास सुमित्रा, जेठ जय प्रकाश, देवर विजय प्रकाश, जेठानी सुनीता, उर्मिला, काजल, प्रियांशु और प्रिंस ने मिलकर मार डाला।
तहरीर के आधार पर सभी पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे तफ्तीश में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे की धारा परिवर्तित की जाएगी।
बता दें कि हर्रैया थाना क्षेत्र के उमरिया गंगाराम गांव में रविवार रात 24 वर्षीय गौरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसका शव कमरे में पंखे से साड़ी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
गौरी की शादी 15 जून 2021 को हर्रैया थाना क्षेत्र उमरिया गंगाराम निवासी सुनील कुमार के साथ हुई थी। उनका एक सात माह का बेटा भी है। सुनील कुमार का कहना है कि रविवार को वह परशुरामपुर में मजदूरी करने गया था। देर शाम जब घर लौटा तो देखा कि पत्नी गौरी का शव कमरे में पंखे के सहारे लटक रहा था।