जानलेवा हमला, बलवा समेत आठ मामले में 54 के खिलाफ मुकदमा
- पुरानी बस्ती, वाल्टरगंज, परशुरामपुुर और छावनी क्षेत्र का मामला
बस्ती। जानलेवा हमला, मारपीट, अपशब्द कहने, जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न मामलों में पुलिस ने 24 नामजद समेत 54 आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पुरानी बस्ती थाने के पॉलिटेक्निक चौराहे पर ट्रैक्टर खड़ा करने के विवाद में दुकान में घुसकर मारने-पीटने के मामले में प्रियंक कुुुमार गुप्ता ने तहरीर दी। जिसमें कहा गया है कि मारपीट में उनके भाई ऋषि गुप्ता बेहोश हो गए। पुलिस ने राजेश कुमार शुक्ला निवासी गोबरहिया थाना पुरानी बस्ती एवं 20 अज्ञात के विरुद्ध बलवा समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
इसी मामले में दूसरे पक्ष के अमित कुमार पांडेय निवासी गोबरहिया थाना पुरानी बस्ती की तहरीर पर पुलिस ने गोलू गुप्ता, ऋषि गुप्ता, संदीप कुमार, संतोष कुमार एवं 10-12 अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि इस पक्ष के मोहित मारपीट में बेहोश हो गए।
वाल्टरगंज पुलिस ने महदेव गांव में पुरानी रंजिश में मारपीट के मामले में उसी गांव के विशाल कुमार ने तहरीर देकर राममूरत, अंकित, अमित व राम मूरत की पत्नी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
वाल्टरगंज थाने के गौरा में जानलेवा हमले के एक मामले में पुलिस नेहीरालाल यादव निवासी गौरा की तहरीर पर अभिषेक मिश्रा, नितिन सिंह व विशाल सिंह पता अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि क्षेत्र के बंधुआ गांव से निमंत्रण से लौटते समय आरोपियों ने जानलेवा हमला किया।
इसी थाने के पिपराजप्ती में शराब पीकर अपशब्द कहने, मारने-पीटने के एक मामले में वहीं के प्रभु ने गांव के सरजू के विरुद्घ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया।
इसी थाने के गनेशपुर चौराहे पर मारपीट के एक अन्य मामले में विशाल सिंह ने तहरीर दी। आरोप लगाया कि बस्ती से अपने घर जाते समय अशोक यादव निवासी गौरा थाना वाल्टरगंज, पिंटू यादव, वसीम खान व अंकित प्रजापति ने लोहे के रॉड से मारापीटा। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
छावनी थाने के कलानी कला गांव में चारा काटने वाली मशीन खड़ी करने को लेकर अपशब्द कहते हुए मारने व धमकी देने के मामले में उसी गांव के खदेरू शर्मा ने तहरीर दी। पुलिस ने राजेन्द्र तिवारी व अमन तिवारी निवासी कलानी कला थाना छावनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
परशुरामपुर पुलिस ने पटाखे जलाने के विवाद में गर्भवती को मारने पीटने के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। इस संबंध में दिनेश गुप्ता निवासी धोबही थाना परशुरामपुर ने जवाहिर गुप्ता, विशाल, जवाहिर की पत्नी, हीरालाल व पिंटू गुप्ता के खिलाफ तहरीर दी थी। मामले में लालगंज पुलिस ने राजेंद्र कुमार यादव निवासी नरैली की तहरीर पर गांव के ही राम मिलन यादव व दिलीप कुमार यादव के विरुद्ध मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है।