मारपीट की छह घटनाओं में 27 के विरुद्ध मुकदमा
वाल्टरगंज, हर्रैया, गौर, कलवारी, नगर व सोनहा थाना क्षेत्र का मामला
बस्ती। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मारपीट की छह घटनाओं में पुलिस ने 27 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वाल्टरगंज थाने के बक्सई चौराहे पर मारपीट के मामले में अखिलेश निवासी हरदिया बुजुर्ग थाना कोतवाली ने तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने संदीप निवासी बड़ी बक्सई, राजू निवासी श्रीपालपुर व चार-पांच अन्य पर मुकदमा दर्ज किया है।
हर्रैया थाने के बड़हरकला गांव में पारिवारिक विवाद के चलते पति-पत्नी को परिवार के अन्य लोगों ने मारापीटा। इस संबंध में फूलमती पत्नी सूरज गौतम की तहरीर पर पुलिस ने उसकी सास कमला पत्नी विदेशी, ननद प्रियंका, रेशमा व तारा निवासी बड़हर कला पर मुकदमा दर्ज किया है।
उधर, गौर थाने के कछिया गांव निवासी उज्ज्वल सिंह ने तहरीर दी कि जमीन की रंजिश में झिनकू उर्फ विजय बहादुर व अन्नु सिंह ने मारापीटा और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने दोनों पर मुकदमा दर्ज किया है।
इसी क्रम में कलवारी थाने के पकड़ी छब्बर में पुरानी रंजिश में मारने पीटने व अपशब्द कहते हुए जानमाल की धमकी देने और छत पर लगी पाइप को तोड़ने के मामले में कुतुबुद्दीन ने तहरीर दी। पुलिस ने अजहरुद्दीन व उसकी पत्नी अंजुम के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
जबकि नगर थाना क्षेत्र के खजुरिया गांव के पास मोटरसाइकिल से कप्तानगंज जाते समय रास्ते में रोककर मारने-पीटने के मामले में अक्षय लाल निवासी कस्बा व थाना नगर ने तहरीर दी। पुलिस ने अमित यादव निवासी खजुरिया थाना नगर, लवकुश यादव निवासी गोपियापार थाना कप्तानगंज, सूर्यभान यादव व जगराम निवासी खजुरिया थाना नगर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। सोनहा थाने के मझारी बाजार नहर पुल पर बुधवार को दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान अबीर गुलाल पड़ जाने के कारण मारपीट हो गई। इस संबंध में राम प्रकाश निवासी बनगवा थाना सोनहा की तहरीर पर पुलिस ने दिलशाद, दानिश व 10-12 व्यक्ति नाम पता अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है।