दहेज उत्पीड़न के चार मामलों में 23 लोग नामजद
बस्ती। दहेज के लिए विवाहिता के उत्पीड़न के अलग-अलग चार मामलों में पुलिस ने 23 ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज किया है। महिला थाना, पैकोलिया, सोनहा थाने में यह चारों मामले दर्ज हुए हैं।
महिला थाना में तहरीर देकर रीना देवी ने बताया है कि उनकी शादी नगर थाना क्षेत्र के जोगीपुर निवासी गंगाराम के साथ हुई है। आरोप है कि ससुराल में बाइक की मांग पूरी न होने पर मारपीट कर जानमाल की धमकी दी गई। महिला थाने में पति गंगाराम के अलावा ससुर रामजीत, सास फूलमती समेत आठ पर केस दर्ज किया गया है।
महिला थाने में ही तहरीर देकर वाल्टरगंज क्षेत्र की रागिनी सोनी ने बताया कि संतकबीरनगर कोतवाली के दलेलगंज निवासी सूरज वर्मा के साथ उनकी शादी हुई है। उनका आरोप है कि ससुराल में दहेज की मांग को लेकर मारपीट कर जानमाल की धमकी दी गई। पुलिस ने पति के अलावा ससुर हरिश्चंद्र, सास मीरा वर्मा समेत चार पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
सोनहा पुलिस ने ससुराल में अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने के आरोप में बलरामपुर जिले के गेड़सा थानांतर्गत अजगरी निवासी पति इरशाद, ससुर सज्जाद अली, सास सैयद्दा खातून समेत सात ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज किया है।
पैकोलिया पुलिस ने विश्वनाथ प्रताप सिंह की तहरीर पर दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने के आरोप में गोंडा जनपद के मोतीगंज थानांतर्गत नगरा निवासी पति अमन सिंह, सास कामिनी सिंह, ससुर श्रीदत्त सिंह समेत चार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।