फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Basti News: जीत मिलते ही जश्न में डूब गए प्रत्याशी

Sun, 14 May 2023 01:48 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बस्ती
विज्ञापन
विज्ञापन
बस्ती। दिन भर खड़े होकर मतगणना कराने की थकान जीत मिलते ही प्रत्याशियों के चेहरे से उतर गई। उनमें खुशी का ठिकाना नहीं था। उनके लिए मतगणना स्थल पर मोबाइल का उपयोग प्रतिबंधित था, लेकिन किसी न किसी बहाने अपने समर्थकों तक यह खुशियों भरा संदेश भेजने में देर नहीं की। प्रमाण पत्र मिलने की औपचारिकता पूर्ण होने के बाद विजयी प्रत्याशी जब बाहर निकले तो समर्थकों ने उन्हें हाथोंहाथ ले लिया। मतगणना स्थल के बाहर जश्न का माहौल छा गया। नारों की गूंज में अबीर-गुलाल उड़ने लगे।
विज्ञापन

शहर के केडीसी में पांच नगर पंचायत और नगर पालिका समेत छह निकायों की मतगणना शनिवार को कराई गई। समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता अपने-अपने प्रत्याशियों के परिणाम को जानने के लिए मतगणना स्थल के ईद-गिर्द पूरे दिन डटे रहे। जैसे-जैसे सभासद और अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के जीत घोषणा शुरू हुई बाहर का नजारा दिलचस्प होने लगा। समर्थक पूरे जोश में उछाल मारने लगे। फूल मालाओं के साथ वह अपने प्रत्याशियों का इंतजार करने लगे। दिन में तीन बजे के बाद विजयी सभासद प्रत्याशियों का मतगणना स्थल से बाहर निकलना शुरू हो गया। समर्थकों के बीच पहुंचते ही वह फूल मालाओं से लद गए। अबीर-गुलाल उड़ाते हुए समर्थक अपने प्रत्याशी के साथ निकाय वार्डों की ओर निकल पड़े। इस दौरान रास्ते भर ढोल नगाड़े भी खूब बजे। शहर में जगह-जगह विजयी प्रत्याशियों की ओर से आतिशबाजी कराई गई। चौतरफा जश्न का माहौल दिखने लगा। नगर पंचायतों के विजयी प्रत्याशी फूल मालाओं से लदकर अपने वाहनों से गंतव्य की ओर कूच किए। नगर पालिका क्षेत्र के सभासद पद के विजयी प्रत्याशियों ने संबंधित वार्डों में वोटरों के बीच पहुंचकर आभार जताया। मिठाई भी बांटी गई। यह सिलसिला देर रात चलता रहा।

नवनिर्वाचित अध्यक्षों का भी निकला विजय जुलूस
नगर पालिका क्षेत्र से लगायत नगर पंचायतों तक नवनिर्वाचित निकाय अध्यक्षों का विजय जुलूस निकाला गया। शहर में निर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा पति अंकुर वर्मा के साथ मतगणना स्थल से बाहर आई तो समर्थकों ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया। बाद में उनका विजय काफिला शहर की ओर रुख किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक रास्ते भर अबीर गुलाल उड़ाए। उनका जुलूस गांधीनगर, रोडवेज, मालवीय मार्ग एवं पुरानी बस्ती तक गया। वर्मा दंपती ने जगह-जगह मतदाताओं के प्रति आभार भी जताया। वहीं बनकटी, मुंडेरवा, गायघाट, नगर बाजार, गनेशपुर, रुधौली, बभनान, कप्तानगंज और हर्रैया नगर पंचायत में निर्वाचित अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों का भी जुलूस देर शाम तक कस्बों में घूमता रहा। इस दौरान कार्यकर्ता और समर्थक जश्न में डूबे रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें