बस्ती। परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत बृहस्पतिवार को स्कूलों में अभियान चलाया गया। सेंट बेसिल स्कूल में कार्यक्रम आयोजित हुआ। डीएम अंद्रा वामसी ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
डीएम ने बच्चों, शिक्षकों और कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा संबंधी शपथ दिलाई। कहा कि नई पीढ़ी का यातायात के प्रति जागरूक होना बहुत जरुरी है। सड़कों पर चलने के नियम से भलीभांति परिचित लोग ही सकुशल यात्रा कर सकते हैं। आधुनिक युग में चलने के लिए वाहन ही सहारा हैं। ऐसे में नियमों के दायरे में रहकर वाहन चलाना ही सुरक्षा का सबसे बेहतर विकल्प है।
आरटीओ प्रशासन फरीदुद्दीन एवं आरटीओ प्रवर्तन रविकांत शुक्ला ने बच्चों को विस्तार से यातायात संबंधी जानकारी दी और उन्हें घर परिवार के अन्य लोगों को भी हेलमेट व सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। एआरटीओ प्रवर्तन पंकज सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य, पीडब्लूडी एवं शिक्षा विभाग से मिलकर सड़क सुरक्षा में कमी लाने के लिए विभिन्न विद्यालयों में पंपलेट के माध्यम से बच्चों को जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने विद्यार्थियों को एंबुलेंस सेवा का नंबर भी याद कराया। कहा कि दुर्घटना के समय तत्काल एंबुलेंस सेवा का लाभ लेकर घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाने में तत्परता बरती जाए। सीओ विनय सिंह चौहान, पीटीओ राजेश कुमार कुशवाहा, आरआई संजय कुमार दास, सभाजीत पाल, रामानुज आदि मौजूद रहे।