भतीजे की सगाई से लौट रहे व्यापारी की सड़क हादसे में मौत
महाराष्ट्र के पुणे में आभूषण का व्यापार करते थे रमेश सोनी
रुधौली थाने के करमहिया प्राथमिक विद्यालय के पास की घटना
रुधौली। सिद्धार्थनगर जनपद के डुमरियागंज क्षेत्र से भतीजे की सगाई के कार्यक्रम से लौट रहे व्यापारी की शुक्रवार देर रात रुधौली थानाक्षेत्र के करमहिया स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास सड़क हादसे में मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक रमेश उर्फ भोला सोनी मूल रूप से थाना क्षेत्र के आमा गांव के रहने वाले थे। उनका एक मकान कस्बे के बस्ती बांसी मार्ग पर स्थित नसीबगंज चौराहे पर भी है। रमेश महाराष्ट्र के पुणे क्षेत्र में रहकर अपना व्यापार करते थे। अभी एक सप्ताह पूर्व ही भतीजे दिलीप की सगाई में शामिल होने के लिए घर आए थे। शुक्रवार देर रात वह सगाई कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी स्कूटी से वापस लौट रहे थेे।
घर से लगभग दो किलोमीटर पहले ही किसी वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया। देर रात तक जब रमेश के घर नहीं पहुंचे तो परिवार के लोग मोबाइल पर संपर्क करने लगे। मगर फोन पुलिस ने रिसीव कर घटना की जानकारी दी। जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। रमेश अपने चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे।