बस्ती। रोडवेज बस सेवा से अछूते गांवों और कस्बों से रोडवेज की बसें जुड़ेंगी। इससे ग्रामीण यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी और वह अपने गांव व कस्बे से ही सीधी बस सेवा का लाभ उठा सकेंगे। तैयार योजना में बस्ती और संतकबीरनगर में 21 नए रूटों पर रोडवेज बसें फर्राटा भरेंगी।
रोडवेज के अनुसार केंद्रीय कार्यशाला से जल्द बसें मिलने की उम्मीद है। नई बसें रोडवेज डिपो के बेड़े में शामिल होते ही एआरएम कार्यालय चिह्नित रूटों पर रूट चार्ट बनाकर बस सेवा शुरू कर देगा। पहले चरण में इन रूटों पर अनुबंधित बस सेवा ही चलाई जाएंगी।
भविष्य में यदि यात्रियों की संख्या बढ़ीं तो निगम की बसें भी सेवा देंगी। रोडवेज के एआरएम आयुष भटनागर का कहना है कि जनप्रतिनिधियों की ओर से दिए गए प्रस्ताव पर बस्ती में 11 रूटों पर अनुबंधित बस सेवा शुरू करने की योजना बनाई गई है। क्षेत्रीय कार्यालय को रूटों की संख्या बता दी गई है। वहीं संतकबीरनगर जिले में भी 10 नए रूटों पर अनुबंधित बसें दौड़ेंगी। इस सेवा से गांव व कस्बे में रहने वाले नौकरीपेशा समेत अन्य नागरिकों को अपनी यात्रा शुरू करने में आसानी होगी।
एआरएम के अनुसार नए रूटों पर बस चलने से 50 से 60 गांवों के यात्री लाभान्वित होंगे। बताया कि बस्ती डिपो में वर्तमान में 120 बसें संचालित हैं।