परिवहन निगम मुख्यालय ने आरटीओ व पुलिस प्रशासन से मांगा सहयोग
बस अड्डे से एक किमी की परिधि में नहीं संचालित होंगे बस-टैक्सी स्टैंड
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। बस स्टेशन से एक किमी की परिधि में अब बस व टैक्सी स्टैंड नहीं रहने पाएगा। इसके लिए परिवहन निगम मुख्यालय ने सभी जिलों के डीएम, एसपी व एआरटीओ को पत्र भेजकर इसमें सहयोग करने को कहा है। ऐसी स्थिति में मंडल मुख्यालय पर स्थापित बस अड्डे के करीब स्थापित जिला अस्पताल व दक्षिण दरवाजा समेत कुल तीन बस व टैक्सी स्टैंड हटने की उम्मीद बढ़ गई है। इससे शहरियों समेत अन्य राहगीरों को जाम से निजात तो मिलेगी, साथ ही बस यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने लगेगी।
बस अड़्डे के आसपास ही मिनी व प्राइवेट बस और टैक्सी स्टैंड संचालित होते हैं। इससे जाम की स्थिति बनी रहती है। साथ ही रोडवेज की आय भी प्रभावित होती है। जब प्रदेश स्तर पर परिवहन निगम की समीक्षा हुई तो पता चला कि दस वर्षों में निगम की राजस्व आय काफी प्रभावित हो रही है। वहीं रोडवेज के अधिकारियों व कर्मचारी संगठनों का आरोप है कि इसके पीछे बस अड्डों से सटे अवैध टैक्सी व बस स्टैंड की भूमिका शामिल है।
इस पर निगम के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर ने सभी जिलाधिकारियों, एसपी, एआरटीओ व रोडवेज के अधिकारियों को पत्र लिखकर सप्ताह भर सघन जांच करने व बस अड्डे से एक किमी की परिधि में संचालित बस व टैक्सी स्टैंड को हटाने को कहा है। एआरएम आयुष भटनागर ने बताया कि अवैध बस स्टैंडों व निजी वाहनों के स्टैंड हटवाने के लिए संयुक्त अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए परिवहन विभाग, जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन का सहयोग लिया जाएगा।