बहराइच से परीक्षा देकर लौट रहे थे बस्ती व संतकबीरनगर के अभ्यर्थी
लखनऊ-गोरखपुर फोरलेन पर रिठिया के पास रात एक बजे हुआ हादसा
संवाद न्यूज़ एजेंसी
नगर बाजार (बस्ती)। बहराइच से सिपाही भर्ती की परीक्षा दिलाकर वापस आ रही बस्ती डिपो की बस लखनऊ-गोरखपुर फोरलेन पर रिठिया के पास शुक्रवार-की रात करीब एक बजे आगे चल रही डीसीएम से जा टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस की बाएं साइड का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार आठ अभ्यर्थी घायल हो गए। हादस के सवारियों में चीख-पुकार मच गई।
राहगीरों ने नगर थाने व फुटहिया पुलिस चौकी को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया। हादसे के बाद एक लेन में जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस व डीसीएम को हटवाकर आवागमन बहाल कराया।
फुटहिया चौकी प्रभारी विवेकानंद तिवारी ने बताया कि बस्ती व संतकबीरनगर जिले के अभ्यर्थी बहराइच जिले में सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने गए थे। शुक्रवार को दूसरी पाली में परीक्षा देकर सभी रोडवेज बस से लौट रहे थे। फुटहिया से पहले रिठिया के पास आगे चल रही डीसीएम को ओवरटेक करते समय बस का बायां साइड डीसीएम से टकरा गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। नजदीक के लोग दौड़कर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
आनन-फानन घायलों को बस से बाहर निकाला गया। बस में सवार घायलों में दयाराम निवासी पकड़ी थाना कलवारी, रानू चौहान निवासी मूड़घाट कोतवाली बस्ती, सिकंदर निवासी बालपुर संतकबीरनगर, शिवांश त्रिपाठी ग्राम नवना थाना लालगंज, अभिषेक यादव निवासी अमिया थाना महुली जनपद संतकबीरनगर, मोहम्मद तबरेज निवासी मझौआमीर थाना वाल्टरगंज शामिल हैं।