क्वायल से लगी आग, हेड मोहर्रिर झुलसे
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज (बस्ती)। मच्छर भगाने वाली क्वायल से लगी आग से कप्तानगंज थाने के हेड मोहर्रिर सोमवार रात गंभीर रूप से झुलस गए। एसओ विकास यादव उन्हें लेकर सीएचसी पहुंचे। डॉक्टरों ने मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया। गोरखपुर निवासी सुशील कुमार कप्तानगंज थाने में हेड मोहर्रिर (मुंशी) के पद पर तैनात हैं। सोमवार रात 11 बजे ड्यूटी करने के बाद वे कमरे में सोने चले गए। यहां चारपाई के नीचे मच्छर भगाने के लिए क्वायल जला दी। नींद में चद्दर क्वायल से छूने से आग लग गई। इससे वे उसकी चपेट में आने से वह झुलस गए। गुहार पर आसपास के पुलिस कर्मियों ने आग बुझाकर सूचना एसओ को दी। कप्तानगंज के एसओ विकास यादव ने बताया कि सुशील का इलाज गोरखपुर में चल रहा है।