फोटो शांतिपूर्ण ढंग से हुई जिला पंचायत बोर्ड की बैठक, सदन में उपस्थति हुए सभी सदस्य
दस दिन पहले स्थगित हो गई थी प्रस्तावित बैठक, सदस्यों ने जताई थी नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिला पंचायत में पखवाड़े भर पहले शुरू हुई उथल-पुथल की स्थिति फिलहाल समाप्त हो गई है। सभी नाराज जिला पंचायत सदस्य अध्यक्ष के पाले में नजर आए। सदस्यों की नाराजगी के चलते दो फरवरी को स्थगित बोर्ड की बैठक की प्रक्रिया दस दिन बाद मंगलवार को शांतिपूर्ण माहौल में पूरी कराई गई। सदन में अध्यक्ष, सदस्य एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में वित्तीय वर्ष 2024-2025 के लिए 47 करोड़, 38 लाख 11 हजार रुपये के बजट पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, ब्लॉक प्रमुख कुदरहा अनिल दुबे एवं सभी सदस्यों ने पहले गांधीजी की प्रतिमा माल्यार्पण किया। इसके बाद सदन में बैठक की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। अध्यक्ष की अनुमति पर एएमओ विकास मिश्र ने एजेंडा बिंदु के अनुसार गत बैठक की कार्रवाई प्रस्तुत की। बिंदु- दो में बोर्ड का मूल बजट वित्तीय वर्ष 2024-2025 के लिए 47 करोड़ 38 लाख 11 हजार रुपये व पुनरीक्षित बजट वित्तीय वर्ष 2023-24 का एक करोड़ 86 लाख 37 हजार 666 पेश किया गया। सर्वसम्मति से इसे पारित किया गया।
चर्चा के दौरान यह तय हुआ सभी सदस्य एक सप्ताह के अंदर कार्ययोजना उपलब्ध कराएं, ताकि आगामी बजट में शामिल किया जा सके। ग्रामीण क्षेत्रों के 2982 व्यवसायियों पर 2023- 24 में 6618840 रुपये का करारोपण भी अनुमोदित किया गया। इस दौरान बाबा भद्रेश्वरनाथ धाम में महाशिवरात्रि व श्रावण मास की तेरस को लगने वाले मेले के दृष्टिगत प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग व्यवस्था आदि पर होने वाले व्यय काे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
इस दौरान ठेकेदारों से 625 रुपये का लिया जाने लाइसेंस शुल्क बढ़ाकर 5000 रुपये किए जाने पर सहमति बनी। नए व्यवसाय के तौर यूरिया पंप, ढाबा, रेस्टोरेंट होटल, तीन पहिया वाहन एजेंसी आदि के लाइसेंस शुल्क में कम से कम 30 प्रतिशत की वृद्धि किए जाने पर सहमति बनी। इस मौके पर प्रमुख सॉऊघाट अभिषेक कुमार, जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र चौधरी, नौशाद अहमद, अतीक अहमद, खुशबू जायसवाल, सुभाष चंद्र आदि मौजूद रहे।