तीन मई को गला रेतकर हुई थी हरिकांत गुप्ता की हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के रामपुर रेवटी गांव के हरिकांत गुप्ता की गला रेतकर हत्या के मामले का पर्दाफाश न होने से परिवार के लोगों के सब्र का बांध टूट रहा है। डेढ़ महीने पहले हुई हत्या में संदिग्धों की सूची लेकर हरिकांत का भाई मंगलवार को आईजी के पास पहुंचा। उसने प्रार्थनापत्र दिया कि पुलिस केस में हाथ पर हाथ धरे बैठी है। जिन संदिग्धों का नाम पुलिस को बताया गया, उससे पूछताछ नहीं की जा रही है। आईजी ने जांच के निर्देश दिए हैं।
भाई संतोष गुप्ता ने प्रार्थनापत्र में कहा है कि उसके भाई हरिकांत को फोन कर बुलाया गया और उसका गला काट दिया गया। गंभीर हालत में वह घर पहुंचा। पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन पुलिस ने कोई सहयोग नहीं किया। अपने सहयोगियों के साथ जिला अस्पताल ले गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डेढ़ महीने होने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। संतोष गुप्ता ने अपने और हल्लौर नगरा गांव के कुछ लोगों का नाम प्रार्थनापत्र में लिखकर आईजी को दिया है। जिन पर संदेह जताया है कि उन लोगों को घटना की पूरी जानकारी है। मगर, पुलिस उनसे पूछताछ नहीं कर रही है।
तीन मई की रात मुंडेरवा क्षेत्र के रामपुर रेवटी गांव के हरिकांत गुप्ता अपने पिता भाष्कर गुप्ता के पास बिस्तर लगाकर सो रहा था। रात करीब 11 बजे मोबाइल फोन पर किसी का फोन आने के बाद उससे मिलने चला गया। रात करीब एक बजे वह लहूलुहान स्थिति में घर पहुंचा। उसके गर्दन का आधा हिस्सा कटा हुआ था।