खराब कार्य करने वाले सचिवों को चिह्रित कर कार्रवाई करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पंचायती राज विभाग के कार्यों से मंडलायुक्त संतुष्ट नहीं है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सभी ग्राम पंचायत सचिवों का प्रशिक्षण कराया जाए। खराब कार्य करने वाले सचिवों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। आयुक्त अखिलेश सिंह सोमवार को विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक कर रहे थे। कहा कि विकास कार्यों का संपूर्ण वार्षिक लक्ष्य फरवरी माह में अवश्य पूरा कर लिया जाए। लाभार्थीपरक योजनाओं में शतप्रतिशत पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करें। बैठक एवं वीडियो कांफ्रेंसिंग की अनुपालन आख्या समय से उपलब्ध कराए। 1 फरवरी से स्कूलों में कृमिनाशक अभियान प्रभावी ढंग से संचालित करें। कहा कि धन उपलब्ध होने के बावजूद भी कायाकल्प का कार्य पूर्ण नहीं हो पा रहा है। गोशालाओं के केयरटेकर का मानदेय का भुगतान नहीं हो रहा है। स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालयों का निर्माण भी पूर्ण नहीं हो पा रहा है। तीनों जिलों के डीपीआरओ यह सुनिश्चित करें कि 15 वां वित्त आयोग, पांचवा वित्त राज्य आयोग की धनराशि शतप्रतिशत व्यय हो। जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा के दौरान सभी डीएम को निर्देशित किया कि वह अपने जनपद की प्रगति रिपोर्ट से शासन को अवगत कराए। बेसिक शिक्षा विभाग अपने- अपने जिले में लोकसभा निर्वाचन के लिए निर्धारित मतदेय स्थल पर सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराएं। अलंकार परियोजना में प्राप्त धनराशि से राजकीय इंटर कॉलेज का कायाकल्प कराया जाए। निराश्रित गोवंशीय पशुओं के संरक्षण तेजी लाई जाए। मुख्यमंत्री के जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराए। उन्होंने कृषि रसायन एवं अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की। बस्ती डीएम अंद्रा वामसी को निर्देशित किया कि जिला अस्पताल में हुई फॉल सीलिंग की घटना को गंभीरता से लिया जाए। संबंधित वार्ड को अन्यत्र शिफ्ट कराए। डीएम सिद्धार्थ नगर पवन अग्रवाल, डीएम संत कबीर नगर महेंद्र सिंह तंवर, संयुक्त विकास आयुक्त पद्मकांत शुक्ला, सीडीओ जयदेव सीएस, जयेंद्र कुमार, संत कुमार आदि मौजूद रहे।