कक्ष निरीक्षकों के आई कार्ड पर बार कोड और क्रमांक होगा अंकित
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। यूपी बोर्ड की परीक्षा 22 फरवरी से शुरू हो रही है। इसके लिए विभागीय तैयासी तेज हो गई है। केंद्रों के निर्धारण के बाद विभाग कक्ष निरीक्षकों की तैनाती में जुट गया है। केंद्र निर्धारित करने के साथ कक्ष निरीक्षकों व मूल्यांकन के लिए परीक्षकों की ड्यूटी निर्धारण की प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दी गई है। डीआईओएस ने केंद्राध्यक्षों से शिक्षकों का डाटा अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।
जिले में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से 401 विद्यालय हैं। इनमें 22 राजकीय, 70 वित्त पोषित व 309 वित्त विहीन विद्यालय शामिल हैं। इस बार यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए 78 हजार 206 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में शामिल होने के लिए पंजीकरण कराया है। हाईस्कूल के 42 हजार 306 और इंटर के 36 हजार 274 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। बोर्ड ने 122 परीक्षा केंद्र बनाए हैं।
यूपी माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सचिव कार्यालय से कक्ष निरीक्षक व मूल्यांकन कराने के लिए परीक्षकों की तैनाती की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। तैनाती पारदर्शी ढंग हो इसके लिए प्रधानाचार्यों से कार्यरत शिक्षकों का डाटा अपलोड करने के निर्देश दिए गए। पहली बार कक्ष निरीक्षकों के आई कार्ड पर बार कोड और क्रमांक होगा। इसका प्रारूप बोर्ड मुख्यालय जारी करेगा। उसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक कक्ष निरीक्षकों का आई कार्ड जारी करेंगे। जिसे परीक्षा में डयूटी करने वाले शिक्षक और कर्मचारियोंं को परीक्षा में लगाना जरूरी होगा।
डीआईओएस जगदीश शुक्ला ने बताया कि सभी केंद्राध्यक्षों से शिक्षकों का डाटा अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड की ओर से परीक्षकों की ड्यूटी की प्रक्रिया को ऑनलाइन निर्धारण किया जाएगा।