सबसे गंदे स्थलों का चयन ब्लैक स्पॉट के रूप में होगा
स्वच्छ भारत मिशन की 10वीं वर्षगांठ पर आज से शुरू होगा अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। स्वच्छ भारत मिशन की 10वीं वर्षगांठ पर स्वच्छता ही सेवा अभियान की लांचिंग शनिवार को विकास भवन सभागार में डीएम रवीश गुप्ता करेंगे। अभियान के तहत जनपद के सबसे गंदे स्थलों का चयन ब्लैक स्पॉट के रूप में किया जाएगा। इन स्थलों का चयन कर विशेष रूप से सफाई कराकर इसे साफ-सुथरा बनाया जाएगा।
स्वच्छता ही सेवा अभियान 14 सितंबर से एक अक्तूबर तक स्वभाव स्वच्छता-संस्कार स्वच्छता की थीम पर चलेगा। एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान ने बताया कि 14 सितंबर को जनपद स्तर से कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी। 17 सितंबर को पूर्व से चिह्नित किए गए सभी ब्लैक स्पॉट को सामूहिक श्रमदान के माध्यम से साफ किया जाएगा। साथ ही, सफाईकर्मियों एवं सफाई कार्य में लगाए गए श्रमिकों की स्वच्छता जांच के लिए स्वास्थ्य एवं कल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा।
इसमें सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य देखभाल उपचार केंद्र शिविरों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से समन्वय कर आयोजित कराए जाएंगे। इसके अलावा निकायों में पौधरोपण अभियान के तहत एक पेड़ मां के नाम लगाकर निकायों में सुंदरीकरण का कार्य किया जाएगा। जागरूकता के उद्देश्य से शैक्षिक संस्थानों में कविता, निबंध, चित्रकला व पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
...
राज्य स्तरीय निगरानी समिति की सदस्य करेंगे बैठक
बस्ती। राज्य स्तरीय निगरानी समिति की सदस्य पूजा बाल्मीकि शनिवार को जनपद में आएंगी। वह सर्किट हाउस में नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों, डीपीआरओ, पीडी डूडा, जिला समाज कल्याण अधिकारी के साथ शाम पांच बजे से बैठक करेंगी। शाम सात बजे से बाल्मीकि समाज के संगठनों, सफाईकर्मियों आदि के साथ बैठक पर उनकी स्थितियों को जानेंगी। संवाद