- वर्ष 2006 में मिल बंद करने के विरोध में आंदोलन के दौरान हुआ था लाठीचार्ज
- रेलवे ट्रैक जाम करने के बाद पुलिस ने किया था लाठीचार्ज, उसी केस में आरोपी थे
संवाद न्यूज एजेंसी
बनकटी। मुंडेरवा चीनी मिल चलाने को लेकर 17 साल पहले हुए आंदोलन में शामिल रहे भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता शिवशंकर पांडेय को रविवार को लालगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उस समय विरोध प्रदर्शन करने के आरोप में दर्ज केस में उनके खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी किया गया था। पदाधिकारी की गिरफ्तारी से भाकियू कार्यकर्ताओं में काफी गुस्सा है। वे थाने पहुंचकर रिहाई की मांग करने लगे।
वर्ष 2006 में मुंडेरवा चीनी मिल बंद करके प्रबंधन के फैसले के विरोध में भाकियू कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया था। रेलवे ट्रैक जाम करते समय पुलिस ने तत्कालीन एसपी अमिताभ ठाकुर की मौजूदगी में लाठी चार्ज किया था। बाद में भाकियू पदाधिकारियों सहित 100 से अधिक नामजद और करीब 200 अज्ञात किसानों पर मुंडेरवा थाने में केस दर्ज किया गया था। जिसमें लालगंज थाना क्षेत्र के जगरनाथपुर निवासी शिवशंकर पाण्डेय उर्फ जटाशंकर पाण्डेय का नाम भी शामिल था। इसमें उनके खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी हुआ था।
गिरफ्तारी के विरोध को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में भाकियू कार्यकर्ता और पदाधिकारी लालगंज थाने पर पहुंचकर रिहाई की मांग करने लगे। ब्लाॅक अध्यक्ष बनकटी घनश्याम चौधरी ने कहा कि अगर हमारे संगठन के पदाधिकारी की रिहाई नहीं हुई तो आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। तहसील अध्यक्ष फूलचंद चौधरी, उपाध्यक्ष रामफेर चौधरी, रामकिशोर, फूलचंद शर्मा, विनोद कुमार चौधरी, रामजोखन चौधरी, हरिराम, विजय कुमार आदि उपस्थित रहे।
थानाध्यक्ष लालगंज जितेन्द्र सिंह ने बताया कि चीनी मिल आंदोलन केस में वांछित शिवशंकर पांडेय के अलावा अन्य मामलों में वांछित थाना क्षेत्र के महसों निवासी सुरेन्द्र कुमार व बिरेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है।