आरोपी पर विभिन्न थानों में दर्ज हैं 30 आपराधिक मामले
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कप्तानगंज थाने के दुबौलिया मार्ग पर स्थित पंडूल घाट के पास पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक लेकर जा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष रोहित कुमार उपाध्याय ने बताया कि बुधवार देर रात पंडूल घाट के पास थाने के एसआई जावेद खान और एसओजी टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों व वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक बाइक से आया। रोकने पर वह हड़बड़ा कर भागने लगा, जिससे अनियंत्रित होकर वह गिर पड़ा। उसे पकड़ कर जब पूछताछ की गई तो पता चला कि उसकी बाइक चोरी की है। उसने अपने को दीप नारायण उर्फ दीपू निवासी रखिया थाना कप्तानगंज बताया। उसकी निशानदेही पर एक और बाइक बरामद की गई। दाेनों बाइकें आंबेडकरनगर से एक महीने पहले चुराई गई थी। थानाध्यक्ष के मुताबिक दीपनारायण शातिर बाइक चोर है और उस पर 30 आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिसमें से पांच मामले कप्तानगंज थाने में ही दर्ज है।