बस्ती। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के बस्ती डुमरियागंज मार्ग के डढ़वा मिश्र गांव के सामने शुक्रवार शाम बाइक सवार को पीछे से डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर पीछे बैठा व्यक्ति डीसीएम के पहिए के नीचे आ गया, जिससे घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। दो घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया।
सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज थाने के उपधी गांव निवासी अंकुर पांडेय उर्फ लालू पांडेय (35), इनका बड़ा पुत्र अतुल पांडेय (06) व इनके बुआ का लड़का आशीष कुमार पुत्र परमानंद पांडेय (20) निवासी उबारे भनवापुर थाना त्रिलोकपुर एक ही बाइक से बस्ती से घर रहे थे। डुमरियागंज मार्ग पर डढ़वा मिश्र गांव के सामने पीछे से आ रहे डीसीएम ने बाइक की डिकी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पीछे बैठा अंकुर पांडेय सड़क पर गिर पड़ा। डीसीएम का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। अंकुर की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चालक आशीष कुमार व अतुल बाइक सहित सड़क के बाईं तरफ जा गिरे। अतुल को हल्की व आशीष को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंचे थानेदार नारायण लाल श्रीवास्तव ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया।