वॉल्टरगंज। थाना क्षेत्र के बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर स्थित मनौरी चौराहे के समीप पुल पर दोपहर में लगभग 12 बजे एक आलू लदे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि बाइक सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के खुटहना गांव के रहने वाले सुरजीत और आकाश शुक्रवार को बाइक से अपने बुआ के यहां से घर लौट रहे थे। मनौरी चौराहे पर दोनों बाइक से पहुंचे ही थे कि आलू लदे ट्रक की चपेट में आ गए। घटनास्थल पर ही बाइक पर पीछे बैठे हुए आकाश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहे सुरजीत को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। थानाध्यक्ष वाल्टरगंज शशांक कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मृतक के पिता गनपत की तहरीर के आधार पर ट्रक चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। ट्रक भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। संवाद