गोरखपुर-अयोध्या हाईवे पर तेनुआ गांव के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
हर्रैया। गोरखपुर-अयोध्या हाईवे पर शुक्रवार की सुबह बाइक सवार व्यक्ति की ट्रेलर की चपेट में आकर मौत हो गई। पुलिस ट्रेलर के पहिए के नीचे फंसे शव को निकाल कर थाने ले गई। लिखा-पढ़ी के बाद शव को पोस्टमार्टम् के लिए भेज दिया। ट्रेलर पुलिस के कब्जे में है।
जानकारी के अनुसार, दुबौलिया थाना क्षेत्र के उभाई गांव निवासी सुकुरू निषाद (55) शुक्रवार की सुबह बाइक से हर्रैया कस्बे में सीमेंट खरीदने आए थे। लौटते समय हाईवे पर तेनुआ गांव के सामने सड़क पर बने कट के पास बाइक सहित ट्रेलर की चपेट में आ गए। ट्रेलर के पहिए के नीचे फंसकर कुछ दूरी तक घिसटते चले गए। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर भाग गया। सूचना के बाद थाने पहुंचे सुकुरू के परिजनों ने शव का शिनाख्त की। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।