नगर बाजार (बस्ती)। नगर थाना क्षेत्र के बस्ती-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बसहवा के पास उल्टी दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक को चपेट में ले लिया। बाइक पर सवार 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठा युवक मामूली रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के मलिकपुरवा निवासी रामदवन चौधरी अपने भांजे मुंडेरवा थाना क्षेत्र के उदयपुर निवासी 28 वर्षीय अवधेश चौधरी के साथ बाइक से कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कोईलपुरा (छपिया) में शादी देखने जा रहे थे। नगर थाना क्षेत्र के बस्ती-अयोध्या राष्ट्रीय मार्ग पर स्थित ग्राम बसहवा के पास उल्टी दिशा से आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गए।बाइक चला रहे रामदवन चौधरी की मौके पर मौत हो गई। जबकि पीछे बैठे अवधेश चौधरी मामूली रूप से घायल हो गए।
सूचना पाकर फुटहिया चौकी पर तैनात कांस्टेबल अभिषेक साहनी, रामदरश यादव, राज नरायन मौके पर पहुंच गए और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फुटहिया चौकी प्रभारी दुर्गा प्रसाद ने बताया कि भाग रहे ट्रैक्टर चालक को पकड़ कर ट्रैक्टर कब्जे में ले लिया गया एसओ संतोष गोंड ने बताया कि अवधेश चौधरी की तहरीर पर ट्रैक्टर चालक पर केस दर्ज किया गया है।